Header Ads

ad728
  • Breaking News

    पीएम मोदी ने किया सदस्यता अभियान का शुभारंभ, बोले-लक्ष्य जितना बड़ा, समृद्धि उतनी बड़ी होगी

    पीएम मोदी ने किया सदस्यता अभियान का शुभारंभ, बोले-लक्ष्य जितना बड़ा, समृद्धि उतनी बड़ी होगी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बताया कि किस तरह से भारत पांच लाख करोड़ डालर की अर्थव्यवस्था बनेगा। संसद में पेश आम बजट से देश की प्रगति और विकास को किस तरह से गति मिलेगी इसका भी खाका खींचा। उन्होंने अंग्रेजी के बड़ा केक वाली कहावत का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य जितना बड़ा होगा, देश की समृद्धि भी उतनी ही ज्यादा होगी। यही समृद्धि हर परिवार की आय और जीवन स्तर में भी समृद्धि लाएगी। 
    प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में सबसे पहले बाबतपुर एयरपोर्ट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा का अनावरण और हरहुआ में प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। बड़ा लालपुर स्थित दीन दयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने  करने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। 
    पीएम मोदी ने कहा कि देश पहले भी चला और आगे भी बढ़ा। अब न्यू इंडिया दौड़ने की ओर बढ़ा है। अब बात संभावना और न्यू इंडिया के सपने की होगी। यह सपने पांच लाख करोड़ डालर से जुड़े हैं। मोदी ने  कहा कि आज जितने भी विकसित देश हैं उनकी पहले प्रति व्यक्ति आय ज्यादा नहीं थी। लेकिन इन देशों के इतिहास में एक दौर ऐसा आया जब प्रति व्यक्ति आय में जबरदस्त छलांग लगाई। यही वह समय था जब यह देश विकासशील से विकसित की श्रेणी में आ गया। भारत भी ऐसा कर सकता है। 21वी सदी में जब भारत दुनिया का सबसे युवा देश है तो यह लक्ष्य भी पाना कठिन नहीं है। जब भी किसी देश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ती है तो खरीद की क्षमता बढ़ती है। इससे डिमांड बढ़ता है। उत्पादन बढ़ता है और सेवा के साथ रोजगार के साधन बढ़ते हैं। 
    किसान को निर्यातक के रूप में देखते हैं
    पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले दस साल के विजन के साथ हम मैदान में उतरे हैं। उसमें एक पड़ाव यह पांच वर्ष का है। आने वाले समय में पांच ट्रिलियन डालर इकोनामी हो, इसके लिए हम किसान को निर्यातक के रूप में देखते हैं। अन्न, दूध, शहद आदि के निर्यात की बहुत संभावना है। इसलिए बजट में निर्यात पर ज्यादा बल दिया गया है। वाराणसी और गाजीपुर में खुले पेरिसेबल कार्गों का उदाहरण देते हुए बताया कि इसका जबरदस्त फायदा दिखने लगा है। अब हमारा प्रयास है कि यहां एक ऐसा क्लस्टर तैयार किया जाए, जिसमें कई विभाग मिलकर काम करें। किसान जो कुछ भी उगाता है, उसके निर्यात के लिए नीति भी हम बना चुके हैं। 
    अन्नदाता को ऊर्जादाता के रूप में तैयार करना है
    पीएम मोदी ने कहा कि अन्नदाता को उर्जादाता के रूप में तैयार करना हमारी नई नीति में है। खेत में ही सौर ऊर्जा का प्लांट अतिरिक्त आय दिलाएगा। खेती के साथ ब्लू इकोनामी पर भी विशेष बल है। पानी के नीचे जितने भी संशाधन है उनके विस्तार की बजट में बात की गई है। पिछले पांच सालों में इस दिशा में हमने काम किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए मछली से जुड़े कारोबार और मछुआरों से जुड़ी समस्याएं सुलझाने के लिए नया विभाग बनाया है। प्रधानमंत्री मत्य योजना के तहत गहरे पानी में मछली पकड़ना और उनकी मछली के निर्यात पर जो रहेगा। 
    हर घर को जल का सपना 
    पीएम मोदी ने कहा कि विकास के लिए पानी जरूरी है। पानी की उपलब्धता से अधिक उसकी फिजूलखर्ची पर ध्यान देना भी आवश्यक है। इसके लिए अनेक उपाय पर आगे काम करना है। जब हर कोई पानी का सदुपयोग करता है तो बिजली की भी बचत होती है। पानी के संरक्षण और संचरण के साथ घर-घर पानी पहुंचाना है। हर घर को जल का सपना लेकर हम निकले हैं। इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय बनाया गया है। जल शक्ति अभियान भी शुरू किया गया है। बजट में राष्ट्रीय स्तर पर जल ग्रिड बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इससे देश के उन क्षेत्रों को भी पानी मिलेगा यहां इसका संकट है। 
    स्वच्छ भारत, स्वथ्य भारत और सुंदर भारत 
    पीएम मोदी ने कहा कि हर घर को स्वच्छ रखने से ही बीमारियों में कमी आई है। इससे हुई बचत उस परिवार की अन्य जरूरतों को पूरा करने में मदद कर रहा है। आयुष्मान योजना भी स्वस्थ भारत बनाने में मदद कर रही है। बहुत कम समय में 32 लाख लोगों को इसका लाभ मिला है। देश के गांव-गांव में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाए जा रहे हैं। इससे सामान्य परिवार की बचत और बढ़ेगी। यही नहीं योग और आयुष के उपयोग को बढ़ावा देने के कारण भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में हम बढ़ रहे हैं। जब देश स्वच्छ होता है तो सुंदर भी दिखता है। इसका लाभ यहां काशी को भी मिल रहा है। स्वच्छता से ही सुंदरता और उसी से टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलता है। पांच लाख करोड़ डालर की अर्थव्यवस्था के लिए टूरिज्म का बढ़ा हिस्सा रहेगा। 
    इंफ्रास्ट्रक्चर पर सबसे ज्यादा ध्यान
    पीएम मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए इंफ्रास्ट्रचर पर सबसे ज्यादा ध्यान है। इसके लिए हाइवे, रेलवे, एयरवेज हर स्तर पर काम हो रहा है। सौ लाख करोड़ का निवेश केवल इंफ्रास्ट्रचर पर हो रहा है। सवा लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण सिर्फ गांवों में किया जाएगा। गरीबों को मकान के साथ मध्यम वर्ग के घरों पर भी ध्यान दिया गया है। होम लोन के ब्याज पर साढ़े तीन लाख रुपये तक की छूट दी गई है। रेंटल हाउसिंग को बढ़ावा देने के लिए एक नया कानून बनाकर राज्य सरकारों को भेजा जा रहा है। 
    मेक इन इंडिया को बढ़ावा के लिए कई प्रस्ताव
    पीएम मोदी ने कहा कि मेक इंडिया को बढ़ावा देने के लिए बजट में कई प्रस्ताव दिये गए हैं। रक्षा से जुड़े उत्पाद और मोबाइल टीवी जैसे सामान भी अब भारत में ही बना रहे हैं। स्टार्टअप ने इको सिस्टम को बहुत बल दिया है। हमारे नौजवानों के सपने स्टार्टअप के साथ शुरू होते हैं। सौर ऊर्जा के लिए देश में ही बैटरी और प्लेटें बने इसलिए दुनिया भर की कंपनियों को आकर्षित करने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ाने के लिए छूट दिया गया है। जब सौर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहनों का यहां उत्पादन होगा तो बाहर से आने वाला टैक्स कम लगेगा। 
    तेल का आयात कम करने पर जोर
    पीएम मोदी ने क हा कि तेल का आयात कम करने पर जोर देना होगा। यह देश की बचत के लिए काम करेगा। हमारी अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा। हमारे पास कोयला, सौर उर्जा, जल उर्जा, पवन उर्जा है। इसे आधुनिक तकनीक से हम बढ़ा सकते हैं। खेती से निकले अवशेषों को बायो फ्यूल में बदलने के लिए प्रयास हो रहे हैं। सरकार केवल प्रयास कर रही है। सरकार केवल एक निमित्त मार्ग है। यह लक्ष्य आप लोग ही पूरा कर सकते हैं। इस लक्ष्य को जनभागीदारी से सशक्त बना सकते हैं। इसी तरह खाद्य तेल का आयात भी कम करना है। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय देश अनाज के संकट से जूझ रहा था। तब लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा दिया और हमारे किसानों ने अन्न के भंडार भर दिये। आज खाद्य तेल की भी वैसी ही स्थिति है। अगर हमारा किसान आज अपनी जमीन के दस प्रतिशत हिस्से को भी तिलहन के लिए समर्पित कर दे तो तेल भी बाहर से नहीं मंगाना होगा। 
    सोशल स्टाक एक्सचेंज की स्थापना
    पीएम मोदी ने कहा कि स्टाक एक्सचेंज की तरह सोशल स्टाक एक्सचेंज की स्थापना का बजट में प्रस्ताव है। इस माध्यम से स्वयंसेवी संस्थाए यहां अपनी लिस्टिंग कर सकती हैं और जरूरत के समय पूंजी का इंतजाम कर सकती हैं। 
    पेशेवर निराशावादी लोगों से सतर्क रहें
    पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि पांच लाख करोड़ डालर की अर्थव्यवस्था संभव नहीं है, वह पेशेवर निराशावादी लोग हैं। किसी भी विचार की विवेचना और आलोचना जरूरी होती है। लेकिन देश में उत्साह भरना भी तो जिम्मेदारी है। सकारात्मक महौल एक मरीज में भी नई ऊर्जा भर देता है। देश को निराशावादी लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। हमें यह चर्चा करनी चाहिए कि जो मोदी कह रहे हैं, वह ठीक है या नहीं। चर्चा के साथ नए सुझाव भी देने चाहिए। अगर निराशावादियों की चली होती तो आज भी हम विदेशों से अनाज मंगा रहे होते। अंग्रेज भी एक समय कहते थे कि हमारे जाते ही यह देश टुकड़ों में बंट जाएगा। लेकिन सरदार पटेल ने ठान लिया और कर दिया। इस देश की ताकत को आंकना गलत है। जनभागीदारी की ताकत देश ने देखी है। स्वच्छ भारत, गैस सब्सिडी हो या सीनियर सिटीजन का रेलवे सब्सिडी छोड़ना, ऐसा ही हो रहा है। 
    संकल्प से सिद्धि हमारी पहचान है  
    पीएम मोदी बोले, हमने दिखाया है कि तेज गति से काम कैसे किया जा सकता है। 2022 में जब आजादी के 75 साल मनाएंगे हर गरीब के पास अपना घर होगा। इस दिशा में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। संकल्प लेकर इमानदारी से काम किया जाता है तो संकल्प सिद्ध भी होते हैं। इज आफ डूइंज बिजनेस और फारेन इन्वेस्टमेंट के लक्ष्य को भी पूरा किया गया है। उद्यम से ही इच्छा पूरे होते हैं। भारत को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने में 55-60 साल लग गए। हमने पांच साल के अंदर एक ट्रिलियन डालर नया जोड़ दिया। 
    पांच लोगों को मंच से दिलाई सदस्यता
    पीएम मोदी ने संबोधन से पहले सदस्यता अभियान का शुभारंभ संगठन पर्व के रूप में रिमोट का बटन दबाकर किया। टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया। जिस पर मिस काल करके सदस्य बना जा सकता है। पीएम ने मंच पर ही पांच लोगों को सदस्यता दिलाई। रेखा चौहान, हरिराम दिवेदी, राम किशोर, मंगला प्रसाद, छोटेलाल को पहले मिस काल से और फिर प्रमाण पत्र देकर सदस्यता दी। प्रजेंटेशन के माध्यम से आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने यह भी बताया कि किस तरह से डिजिटल सदस्यता ली जा सकती है। पीएम मोदी से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

    कोई टिप्पणी नहीं

    thanks for comment...

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728
    ad728