Header Ads

ad728
  • Breaking News

    शादी समारोह में बराती-घराती भिड़े, 20लोग घायल





    कुशीनगर।पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में आई बरात के दौरान दरवाजे पर बज रहे डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने को लेकर बराती व घराती पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों से 20 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
    घटना के बाद वर पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने करीब तीन घंटे तक दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया। इसके बाद शादी संपन्न कराई गई।
    जानकारी के मुताबिक, पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में बिहार के कटेया थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात आई थी। द्वारपूजा के बाद कुछ बराती दरवाजे पर बज रहे डीजे पर थिरकने लगे। इसी दौरान एक बराती अपने मोबाइल फोन से डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने लगा। डीजे पर लगातार भोजपुरी गाना बजाना दुल्हन पक्ष के लोगों को नागवार लगा, जिसके बाद घराती पक्ष के लोग इसका विरोध करने लगे।
    घरातियों के विरोध के बाद भी थिरक रहे युवकों ने भोजपुरी गाना बजाना बंद नहीं किया। इसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। दुल्हन का भाई व दूल्हे के जीजा आपस में भिड़ गए। दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और बराती-घरातियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से करीब 20 लोग घायल हो गए। दूल्हे के जीजा व दुल्हन के भाई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। मारपीट के बाद दूल्हा पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया।
    घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर विवाह संपन्न कराया। इस बीच करीब तीन घंटे तक शादी रुकी रही। पटहेरवा थाने के एसओ सुनील सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर डायल 112 की पुलिस पहुंची थी। अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

    कोई टिप्पणी नहीं

    thanks for comment...

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728
    ad728