Header Ads

ad728
  • Breaking News

    भलुवान गोलीकांड : हिरासत में बदमाश के जमानतदार व करीबी


    गोरखपुर ब्यूरो। बांसगांव संदेश। ‌गगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलुवान निवासी राजीव नयन सिंह की पुत्री काजल को गोली मारने वाले बदमाश विजय प्रजापति एवं उसके साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने सोमवार को विजय के जमानतदार व एक करीबी को हिरासत में लिया है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं, इसमें एक क्राइम ब्रांच की टीम है। दो टीमें गगहा थाने की हैं और दो टीमें एडीजी जोन के स्तर से गठित की गई हैं।

    ग्रामीणों ने एन एच 29 पर किया था चक्का जाम :


     रविवार को भलुआन चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर काजल को गोली मारने वाले बदमाश व उसके साथी की गिरफ्तारी सहित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था।ग्रामीणों ने मांग की कि आरोपितों को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार करे,पीड़त परिवार को सुरक्षा दे और बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई करे। जाम की सूचना मिलते ही बांसगांव सीओ श्याम देव बिंद, गगहा व बेलीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घंटे भर बाद एसडीएम व सीओ के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। सीओ बांसगांव ने ग्रामीणों का आश्वस्त किया है कि सप्ताह भीतर सभी बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।

    रुपये के लेनदेन का था मामला: रुपये के लेन-देन को लेकर जगदीशपुर भलुआन निवासी राजीव नयन सिंह को ग्रामवासी शातिर बदमाश विजय प्रजापति ने अपने साथियों के साथ पिटाई की। राजीव नयन की बेटी काजल ने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया तो बदमाश ने उसे गोली मार दी। उसका लखनऊ के केजीएमयू (किंग जार्ज मेडिकल यूनीवर्सिटी) में इलाज चल रहा है। गोली लगने से काजल का खून अधिक बह जाने के कारण उसका आपरेशन नहीं हो सका। इससे गोली उसके पेट में फंसी है। 

    चार दिन पहले मिली थी किशोरी के पिता को धमकी : काजल के पिता राजीव नयन बांसगांव कचहरी में कर्मचारी हैं। आरोपित विजय के पिता सुभाष प्रजापति से उनकी खूब पटती थी। वह उसकी मदद भी करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक राजीव नयन तारामंडल में मकान का निर्माण करा रहे हैं और उन्होंने देखरेख की जिम्मेदारी सुभाष को दी थी। इस बीच सुभाष व राजीव नयन में कुछ मनमुटाव हो गया। इसे लेकर सुभाष की पत्नी ने राजीव नयन को चार दिन पहले अंजाम भुगतने की धमकी भी दी थी। लेकिन राजीव ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।


    आरोपितों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी चल रही है। बदमाश विजय व उसके साथी जल्द ही गिरफ्त में होंगे।
    - अरुण कुमार सिंह,पुलिस अधीक्षक दक्षिणी

    कोई टिप्पणी नहीं

    thanks for comment...

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728
    ad728