गगहा के जूनियर हाई स्कूल ठठौली नवीन में निकला सांप
विद्यालय की छात्रा शालिनी सिंह को काटा
गगहा गोरखपुर। बाँसगाँव सन्देश। गगहा के जूनियर हाईस्कूल ठटौली में स्कूल खुलते ही किचेन के पास धामिन साँप निकला। नल के पास पानी पीने गई विद्यालय की छात्रा शालिनी सिंह पुत्री भगत सिंह को धामिन साँप ने काट लिया। विद्यालय की एकल शिक्षिका संगीता मौर्या ने बहादुरी का परिचय देते हुए बच्ची को उसके अभिभावक के साथ सर्पदंश अस्पताल दोहरीघाट भिजवाया। विद्यालय के सभी बच्चे इस घटना से सहम गए और भागकर दूर चले गए। सूचना पाकर मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी गगहा मिनहाज़ आलम, ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. सुमन्त सिंह, एआरपी राम सनेही, रविशंकर, हामिद अली, प्रधान प्रतिनिधि अनिल सिंह ने पहुँच कर सर्पमित्र शक्ति यादव को बुलवाया। सर्पमित्र शक्ति यादव ने साँप को पकड़ा। प्राप्त सूचना के अनुसार छात्रा स्वस्थ व सुरक्षित है। विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका संगीता मौर्या ने बताया कि यहाँ आए दिन साँप निकलते हैं। विद्यालय गाँव से दूर निर्जन स्थान पर बना है। बाउंड्री वाल न होने की वजह से गाँव के अवांछित तत्व भी विद्यालय पर जमें रहते हैं। महिला होने के नाते काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। विद्यालय का शौचालय भी काफी खराब है। शौचालय विद्यालय के पीछे बंसवारी के पास बना हुआ है। बारिश के समय में पोखरी का पानी पूरा भर जाता है। कीड़े मकोड़े साँप का डर हमेशा बना रहता है। विद्यालय की छात्राओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
कोई टिप्पणी नहीं
thanks for comment...