Header Ads

ad728
  • Breaking News

    बच्चों को अच्छी तालीम जरूर दिलाएं : मुफ्तिया ताबिंदा 

    बच्चों को अच्छी तालीम जरूर दिलाएं : मुफ्तिया ताबिंदा 

    तुर्कमानपुर में महिलाओं की छठवीं महाना दीनी महफ़िल 


    गोरखपुर। रविवार को मकतब इस्लामियात तुर्कमानपुर में महिलाओं की 'बज्मे कनीजाने आयशा' नाम से छठवीं महाना दीनी महफ़िल हुई। कुरआन-ए-पाक की तिलावत हुई। नात-ए-पाक पेश की गई। संचालन शिफा खातून व अध्यक्षता ज्या वारसी ने की। 

    मुख्य वक्ता मुफ्तिया ताबिंदा खानम अमजदी ने कहा कि दीन-ए-इस्लाम अमल से पहले इल्म हासिल करने का हुक्म देता है। पैग़ंबरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का इरशाद है इल्म सीखना हर मुसलमान पर फ़र्ज़ है। 

    उन्होंने कहा कि कुरआन-ए-पाक में विभिन्न स्थानों पर अल्लाह ने दीन के इल्म की महत्ता को स्पष्ट तौर पर बताया है। यह दीन का इल्म ही है, जिसे हासिल करने के लिए एक व्यक्ति जब निकलता है, तो उसके लिए जन्नत का पथ सरल कर दिया जाता है, फरिश्ते उसके रास्ते में अपना पर बिछाते हैं, तालिबे इल्म के लिए धरती और आकाश की प्रत्येक वस्तुएं दुआ करती हैं। हर व्यक्ति को दीन का इल्म सीखने के लिए दिन या रात में कुछ घंटे जरूर निकालना चाहिए। इल्म हासिल करने के लिए धैर्य और सहनशीलता से काम लेना होगा, दिल को मनाना होगा, इच्छाओं को मारना होगा। मुसलमानों को चाहिए कि बच्चों को अच्छी तालीम जरूर दिलाएं। दुनियावी तालीम के साथ दीनी तालीम हासिल करने पर जोर दिया जाए।

    विशिष्ट वक्ता आलिमा शोएबा अनीस ने कहा कि इस्लामी विद्वानों ने इल्म सीखने और इसके हासिल करने के लिए अपनी पूरी कोशिशें सर्फ कर दीं। इस्लामी विद्वानों ने जिस प्रकार इस रास्ते में परिश्रम किया दुनिया के इतिहास में इसका कोई उदाहरण नहीं मिलता। हमें उन विद्वानों के नक्शे कदम पर चलकर दीन का इल्म हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। 

    आलिमा कहकशां फातिमा व शिफा खातून ने कहा कि आज युवा इंटरनेट पर अपना बहुमूल्य समय नष्ट कर देते हैं, कितने दुनिया कमाने में अपना पूरा समय लगाते हैं, कितने मनोरंजन में अपना बहुत सारा समय बर्बाद करते हैं, लेकिन जब दीन का इल्म सीखने की बारी आती है तो कहते हैं कि हमारे पास समय नहीं। इनके बजाए हमें इल्म सीखने के लिए वक्त जरूर निकालना चाहिए‌।

    अंत में दरूदो सलाम पढ़कर मुल्क में खुशहाली, तरक्की व अमन की दुआ की गई। शीरीनी बांटी गई। महफ़िल में में अनाया फातिमा, शाज़िया खातून, आलिया, उमरा, आयशा, मरियम, अलविया, खुशी नूर, हिफ्जा करीम, नूर सबा, सना खान, जैनब, फिजा, मुस्कान, तमन्ना, तैबा नूर, कुलसुम फातिमा,  नूरजहां शरीफी, सहाबिया खातून, आसमा खातून आदि मौजूद रहीं।

    कोई टिप्पणी नहीं

    thanks for comment...

    Post Top Ad

    ad728

    Post Bottom Ad

    ad728
    ad728