धनउगाही के आरोप में लेखपाल रजनीश मिश्र निलंबित, तहसीलदार सलेमपुर को सौंपी

धनउगाही के आरोप में लेखपाल रजनीश मिश्र निलंबित, तहसीलदार सलेमपुर को सौंपी गई जांच देवरिया। जिलाधिकारी के जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सलेमपुर तहसील के लेखपाल रजनीश मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। उन पर कार्य कराने के नाम पर अवैध धनराशि लेने तथा न्यायालय के आदेश का अनुपालन न कराने के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनवर्षा निवासी प्रकाश यादव ने जनता दर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि संबंधित लेखपाल ने धनराशि लेने के बावजूद उनका कार्य नहीं किया तथा बाद में अतिरिक्त रकम की मांग की। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो क्लिप भी जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जांच के निर्देश दिए। मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा की गई जांच में लेखपाल रजनीश मिश्र पर न्यायालय के आदेश का स्थलीय अनुपालन न कराने और रिश्वत लेने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने रजनीश मिश्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रजिस्ट्रार कानूनगो (भूलेख) कार्यालय, सलेमपुर से संबद्ध किया गया है। इसके साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए तहसीलदार सलेमपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।