गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, सुरक्षा दावों की खुली पोल दिल्ली नंबर

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, सुरक्षा दावों की खुली पोल दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़ कई बार पलटी, युवती समेत 4 गंभीर घायल; एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस हरदोई में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को हुए दर्दनाक हादसे ने सुरक्षा और इमरजेंसी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रेलिंग तोड़ते हुए कई बार पलटी, जिसमें युवती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यूपीडा के बड़े-बड़े दावे हादसे के वक्त आखिर जमीन पर क्यों नहीं दिखे? उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के पचदेवरा थाना क्षेत्र में कुरारी-बरूआरा गांव ओवरब्रिज के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई और नीचे जाकर कई बार पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो एक युवती चला रही थी। हादसे में युवती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद काफी देर तक घायलों की मदद के लिए कोई सरकारी राहत टीम नहीं पहुंची। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया। आरोप है कि करीब एक घंटे तक न एंबुलेंस पहुंची और न ही यूपीडा की सुरक्षा टीम मौके पर दिखाई दी। घायल तड़पते रहे और परिजन मदद के लिए इधर-उधर गुहार लगाते रहे। आखिरकार मौके से गुजर रहे एक कार सवार ने मानवता दिखाते हुए घायलों को अपनी गाड़ी से शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बाद में यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही यूपीडा ने दावा किया था कि एक्सप्रेसवे पर किसी भी हादसे की स्थिति में 5 से 10 मिनट के भीतर एंबुलेंस और सिक्योरिटी टीम मौके पर पहुंच जाएगी, लेकिन हरदोई के इस हादसे ने उन दावों की हकीकत सामने ला दी है।