डीआईजी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

देवरिया में डीआईजी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा देवरिया। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शुक्रवार शाम देवरिया शहर में पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीआईजी का यह पैदल गश्त अभियान शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुआ। उन्होंने बस स्टेशन, कचहरी चौराहा, सिविल लाइंस और सुभाष चौक समेत शहर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। गश्त के दौरान लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भी मौजूद रहे। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल भी शामिल रहा। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीआईजी की इस पहल को लेकर लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है।