बांसगांव संदेश बरहज फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि घोषित, किसानों से समय रहते आवेदन
फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि घोषित, किसानों से समय रहते आवेदन की अपील देवरिया, 07 अगस्त। जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि खरीफ-2026 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत धान एवं मक्का फसलों का बीमा कराया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) धारक किसानों से अपील की है कि वे संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर 31 अगस्त, 2026 तक फसल बीमा का प्रीमियम जमा कर उसकी रसीद अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने बताया कि खरीफ-2026 के लिए भारत सरकार द्वारा नामित बीमा कंपनी एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) है। योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली फसल क्षति की भरपाई कर किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसलिए सभी किसान समय से फसल बीमा कराकर उसकी रसीद सुरक्षित रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर योजना का लाभ प्राप्त किया जा सके। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जो किसान केसीसी धारक नहीं हैं, वे भी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से 14 अगस्त, 2026 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। बटाईदार किसान भी इस योजना का लाभ लेने के पात्र हैं। इसके लिए उन्हें भू-स्वामी द्वारा प्रमाणित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह उल्लेख होगा कि संबंधित फसल का बीमा लाभ बटाईदार किसान को दिया जाए। उन्होंने बताया कि गैर-ऋणी किसानों को बीमा कराते समय आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी तथा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान फसल बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर 14447, व्हाट्सएप नंबर 7065514447 अथवा एआईसी के प्रबंधक दीपक सिंह (मोबाइल: 9628552733) से संपर्क कर सकते हैं।