हमीरपुर में सड़क हादसों पर लगा ब्रेक, 7 महीने में 28% की गिरावट, डीएम के प्रयासों का असर

हमीरपुर - जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों का असर आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 28.7% की कमी दर्ज की गई है। हादसों में मौत और घायलों की संख्या भी घटी है। वर्ष 2025 में जनवरी से जुलाई तक जिले में 251 सड़क हादसे हुए थे, जबकि 2026 में यह संख्या घटकर 179 रह गई। यानी 72 हादसे कम हुए। इसी अवधि में हादसों में मरने वालों की संख्या 139 से घटकर 111 हो गई। मृतकों की संख्या में करीब 20.1% की कमी दर्ज की गई। इसी तरह हादसों में घायल होने वालों की संख्या भी 194 से घटकर 153 रह गई। यानी घायलों में करीब 21.1% की कमी आई है।जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, यातायात नियमों का पालन कराने, ओवरलोडिंग समेत अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के बीच समन्वय कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कार्य भी किए जा रहे हैं।डीएम ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाना सामूहिक जिम्मेदारी है। वाहन चालक गति सीमा का पालन करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।