02 अक्टूबर को याद किए गए गांधी और शास्त्री बड़हलगंज। राष्ट्रपिता महात्मा

02 अक्टूबर को याद किए गए गांधी और शास्त्री बड़हलगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर पंचायत बड़हलगंज स्थित विश्वनाथ उमर सभागार में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को याद किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने कहा कि 2 अक्टूबर भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण तिथि है। इसी दिन महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जन्म हुआ था। गांधी जी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का संदेश दिया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और देशभक्ति की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को याद करते हुए आज पूरा विश्व अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस मना रहा है। गांधी जी के स्वच्छता के संदेश को आत्मसात करते हुए नगर पंचायत में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए महेश उमर ने कहा कि शास्त्री जी का जीवन अत्यंत सरल और ईमानदार था। वर्ष 1965 के युद्ध के दौरान उन्होंने देशवासियों में जोश और आत्मविश्वास भरते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा दिया। प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भी उन्होंने सादगी और ईमानदारी को अपने जीवन का आधार बनाए रखा। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महापुरुष हमें यह सीख देते हैं कि व्यक्ति पद और धन से नहीं, बल्कि अपने विचारों, कर्मों और चरित्र से महान बनता है। आज के दिन हमें सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, सादगी और स्वच्छता जैसे उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके पूर्व समारोह में मौजूद गणमान्य लोगों और नगर पंचायत कर्मियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सभासद राकेश राय, सूरज सोनकर, संजय सोनकर, वीरेंद्र उर्फ बीरू गुप्ता, राजीव मिश्र, दीपक शर्मा, नियाज कुरैशी, अमूल्य चंद चतुर्वेदी, ऋषि चंद, जनसेवा महामंत्री संतोष जायसवाल, मनमोहन पटवा, लिपिक सुनील कुमार, रविंद्र कुमार, विपुल साहनी सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।