5 साल के अंशुमान की हत्या से उबल पड़ा सहजनवा, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी बोले– दोषी को मिले कठोरतम सजा

सहजनवां गोरखपुर। सहजनवा के शिवपुरी कॉलोनी में 5 वर्षीय मासूम अंशुमान सिंह की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के घर लोगों का तांता लगा है और हर ओर एक ही आवाज उठ रही है—मासूम को जल्द न्याय मिले और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसी बीच भारत सरकार के सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता प्रशांत त्रिपाठी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में वह हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने निष्पक्ष जांच, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषी को शीघ्र कठोर दंड दिलाने की मांग की। उधर, पुलिस ने आरोपी किराएदार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर गंभीरता से जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई आगे बढ़ रही है। घटना के बाद महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचकर न्याय की मांग तेज कर दी। मासूम अंशुमान की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। अब हर किसी की नजर पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी है कि आखिर इस दर्दनाक वारदात में पीड़ित परिवार को कब और कैसे न्याय मिलता है।