नशे को कहेंगे अलविदा, विकसित भारत का सपना करेंगे साकार : प्रभाकर दुबे

घघसरा गोरखपुर । नशे की लत से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल के रास्ते पर चलने वाले युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रखेंगे। इसी संकल्प के साथ शनिवार को विकास खंड पाली क्षेत्र के नगर पंचायत घघसरा बाजार में ब्लॉक स्तरीय पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रहा। प्रभाकर दुबे ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आएंगे तो उनका भविष्य ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश का विकास भी प्रभावित होगा। नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है। इससे परिवार बिखरते हैं और सामाजिक अपराध बढ़ते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, कौशल विकास और समाज सेवा को जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने स्वयं नशा नहीं करने और दूसरों को भी इससे बचाने की शपथ ली। उन्होंने गांव, मोहल्ले और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पड़ोस युवा संसद में शिक्षा, रोजगार, स्वच्छता और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। अंत में मुख्य अतिथि ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।