दुर्गा पूजा व दीपावली को लेकर बेलघाट थाने में शांति समिति की

दुर्गा पूजा व दीपावली को लेकर बेलघाट थाने में शांति समिति की बैठक डीजे संचालकों को तेज आवाज में डीजे न बजाने की हिदायत, अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई गोरखपुर बांसगांव संदेश बेलघाट/गोरखपुर। आगामी दुर्गा पूजा एवं दीपावली त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को बेलघाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव ने की। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के डीजे संचालकों, ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। थाना प्रभारी ने डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करते हुए ही डीजे बजाएं और तेज आवाज में डीजे बजाने से बचें। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान अराजकता, हुड़दंग अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तत्पर है। बैठक में थाना परिसर के उपनिरीक्षक, कांस्टेबल, चौकीदार, विभिन्न ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने सभी से त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।