सुलतानपुर। गोमती नदी पर गुदरा-सलाहपुर के बीच निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित पुल के एक
सुलतानपुर। गोमती नदी पर गुदरा-सलाहपुर के बीच निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित पुल के एक बीम में दरार आने से हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दरार को छिपाने के लिए संबंधित हिस्से को कपड़ों और बोरों से ढक दिया गया। मामला सामने आने के बाद करोड़ों रुपये की इस परियोजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।करीब साढ़े सात वर्षों से निर्माणाधीन यह पुल वर्ष 2022 तक पूरा होना था,लेकिन अब तक जनता के लिए शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में बीम में दरार की खबर ने निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को और हवा दे दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल की मजबूती और सुरक्षा को लेकर अब बड़ी चिंता पैदा हो गई है।मामले पर सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि प्री-स्ट्रेसिंग के दौरान जैक फेल होने से अधिक दबाव पड़ गया था,जिससे बीम में क्रैक आ गया। उन्होंने कहा कि थर्ड पार्टी जांच कराई जाएगी और मानक पूरे न होने पर बीम बदल दी जाएगी।उधर,विधायक राजेश गौतम ने मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाने की बात कही है। वहीं जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने खबरों का संज्ञान लेते हुए एडीएम (एफआर) के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है। डीएम ने साफ कहा है कि जांच में लापरवाही या दोष मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।दरार ने खोली निर्माण की पोल, अब जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें।