फायर सेफ्टी जांच में एक कोचिंग संस्थान सील, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

फायर सेफ्टी जांच में एक कोचिंग संस्थान सील, प्रशासन की सख्त कार्रवाई रुद्रपुर, देवरिया। लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुई आग की घटना के बाद शासन के निर्देश पर जनपद में कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को उप जिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम ने क्षेत्राधिकारी के साथ नगर क्षेत्र में संचालित आधा दर्जन से अधिक कोचिंग एवं लाइब्रेरी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई। बस स्टेशन के निकट संचालित एफर्टलेस इंस्टीट्यूट में फायर सेफ्टी उपकरण नहीं पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया। इसके अलावा अन्य कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालकों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उप जिलाधिकारी अवधेश निगम ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी शिक्षण संस्थानों को अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, लेखपाल संकट मोचन चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक अंकित यादव सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के कोचिंग एवं लाइब्रेरी संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।