स्मार्ट मीटर के नाम पर 500 रुपये वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने

स्मार्ट मीटर के नाम पर 500 रुपये वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन भीटी रॉवत (बाँसगाव संदेश) सहजनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगदीशपुर के टोला रानीपुर मुस्लिम टोले में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि 11 अप्रैल को विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं के घर पहुंचकर पुराने मीटर हटाए और स्मार्ट मीटर लगाने के बदले प्रत्येक उपभोक्ता से 500 रुपये वसूले। इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी से शुक्रवार को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सहमति के जबरन मीटर बदले गए और पैसे लिए गए। ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे उमानाथ उपाध्याय ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद रिचार्ज न होने के कारण कई घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में आबरून निशा, रुकसाना, सबरून निशा, जैबुन निशा, खुशबून निशा, जायदा, जुबैदा, मुस्तफा, निजामुद्दीन, कमरुद्दीन और बिस्मिल्लाह सहित कई लोग मौजूद रहे।