दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को सीएम योगी देंगे मुफ्त सिलेंडर का उपहार,

दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को सीएम योगी देंगे मुफ्त सिलेंडर का उपहार, 1.89 करोड़ परिवारों को मिलेगी सब्सिडी लोकभवन में 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि का होगा हस्तांतरण, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री रहेंगे मौजूद लखनऊ। दीपावली के पर्व पर उत्तर प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 3 नवंबर को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर का उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में लगभग 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि सीधे हस्तांतरित करेंगे। इस पहल से प्रदेश के करोड़ों परिवारों को दीपावली के अवसर पर आर्थिक राहत मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को चेक प्रदान कर सब्सिडी हस्तांतरण की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वह प्रदेशवासियों को संबोधित भी करेंगे। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा सहित विभागीय अधिकारी और अन्य अतिथिगण उपस्थित रहेंगे। सरकार की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत पहुंचाना और उनके घरों में दीपावली की खुशियां बढ़ाना है। भोला गौड़ की रिपोर्ट