छठ महापर्व को लेकर डीएम और एसपी ने चक्का बांध का किया निरीक्षण

छठ महापर्व को लेकर डीएम और एसपी ने चक्का बांध घाट का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गहरे पानी में बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी के दिए निर्देश गाजीपुर।महापर्व डाला छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जमानियां थाना क्षेत्र के चक्का बांध घाट का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।उन्होंने नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सकें। किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों एवं जल पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।अधिकारियों ने अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने के लिए घाट और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने, हाईमास्ट लाइट एवं जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने को कहा।महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वाड की सादे कपड़ों एवं वर्दी में तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए। घाट की ओर जाने वाले मार्गों पर उचित पार्किंग व्यवस्था बनाने तथा यातायात को जाममुक्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जमानियां, क्षेत्राधिकारी जमानियां, प्रभारी निरीक्षक जमानियां सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर जोर दिया।