तलाशी के नाम पर महिला से छेड़खानी, दो मंगलसूत्र चोरी करने का

तलाशी के नाम पर महिला से छेड़खानी, दो मंगलसूत्र चोरी करने का आरोप शाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 6,600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद खुद को तलाशी लेने वाला बताकर वारदात को दिया था अंजाम, महिला से ऑनलाइन भी लिए थे पांच हजार रुपये गोरखपुर। शाहपुर पुलिस ने महिला से छेड़खानी और चोरी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 6,600 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की बांसफोर पुत्र वीरेंद्र बांसफोर निवासी जटेपुर उत्तरी हुमायुपुर, थाना गोरखनाथ, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में चोरी की संपत्ति बरामद होने से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ थाना शाहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 के तहत धारा 74, 303(2), 318(4) और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज था। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त 2026 को पीड़िता अपने काम से जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने खुद को तलाशी लेने वाला बताते हुए उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने तलाशी लेने के बहाने महिला से छेड़खानी की और इसी दौरान उसके दो मंगलसूत्र चोरी कर लिए। इसके अलावा आरोपी ने एक मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन पांच हजार रुपये भी ले लिए। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने महिला को किसी को घटना के बारे में बताने पर धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6,600 रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी भी पुलिस के हाथ लगी। पुलिस के अनुसार बरामद नकदी को मुकदमे से संबंधित माल के रूप में दर्ज करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गोरखपुर और देवरिया जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना शाहपुर में वर्तमान मुकदमे के अलावा थाना कैंट में मुकदमा अपराध संख्या 164/2026 धारा 317(2), 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा थाना गोरखनाथ में मुकदमा अपराध संख्या 401/2019 धारा 392, 411 भादवि, मुकदमा अपराध संख्या 70/2026 धारा 109(1), 115(2), 191(2), 324(4), 351(3), 352 बीएनएस, मुकदमा अपराध संख्या 427/2023 धारा 36, 352, 504, 506 भादवि और मुकदमा अपराध संख्या 507/2025 धारा 131, 324(4), 351(3), 352 बीएनएस दर्ज है। थाना कोतवाली गोरखपुर में मुकदमा अपराध संख्या 246/2023 धारा 323, 504, 506 भादवि तथा थाना सलेमपुर, जनपद देवरिया में मुकदमा अपराध संख्या 218/2017 धारा 394, 411 भादवि के तहत भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला संबंधी अपराधों और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।