खेत जुताई के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर में हरपुर बुदहट के मथौली गांव की घटना, हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और बाइक बरामद गोरखपुर, बांसगांव संदेश। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के मथौली गांव में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मथौली निवासी राधेश्याम पाण्डेय पुत्र रामपलट और लवकुश पुत्र हरिहर पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, एक खोखा कारतूस और बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अक्टूबर 2026 की है। मृतक की बहन के अनुसार, उसका भाई खेत की जुताई कराने के लिए करनपुरा गांव गया था। वहां पट्टीदारों राधेश्याम पाण्डेय, लवकुश और अन्य लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राधेश्याम पाण्डेय ने लाइसेंसी बंदूक से युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में तहरीर के आधार पर हरपुर बुदहट थाने में मुकदमा संख्या 262/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद बंदूक राधेश्याम पाण्डेय के नाम पर लाइसेंसी बताई गई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।