सावन से पहले बदहाल सड़क बनी खतरा,कांवड़ यात्रा पर मंडराया संकट सुल्तानपुर।सावन

सावन से पहले बदहाल सड़क बनी खतरा,कांवड़ यात्रा पर मंडराया संकट सुल्तानपुर।सावन शुरू होने से पहले बल्दीराय तहसील क्षेत्र का इसौली-देवरा मार्ग बदहाली की इंतहा पर पहुंच गया है।अमेठी,सुल्तानपुर और अयोध्या को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और सड़क किनारे जानलेवा खाइयां राहगीरों व वाहन चालकों के लिए रोज नई मुसीबत बन रही हैं। हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है,लेकिन मरम्मत का इंतजार खत्म नहीं हो रहा।स्थानीय लोगों के मुताबिक मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग पर इसौली से बल्दीराय तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।प्रतिदिन हजारों वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।सबसे बड़ी चिंता सावन की कांवड़ यात्रा को लेकर है।बहुरावा, बल्दीराय, गनापुर, इसौली, पारा बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु इसी मार्ग से पैदल बाबा धाम के लिए रवाना होंगे। उधर,वलीपुर-लंगड़ी-बघौना-जबरगंज-शिववाला-देहली बाजार मार्ग की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। ऐसे में कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले दोनों मार्गों की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क दुरुस्त नहीं कराई गई तो सावन में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।केंद्रीय दुर्गा पूजा व्यवस्था समिति संरक्षक आचार्य सूर्यभान पाण्डेय,भारतीय उद्योग व्यापार मंडल बल्दीराय तहसील अध्यक्ष मुकेश अग्रहरि, पारा बाजार कांवड़िया संघ अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, इसौली कांवड़िया संघ अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार वैश्य, बल्दीराय कांवड़िया संघ अध्यक्ष अभिषेक अग्रहरि, वलीपुर कांवड़िया संघ अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, बहुरावा बाजार अध्यक्ष रमाकांत वैश्य, वलीपुर बाजार अध्यक्ष ऋषभ जायसवाल सहित अनेक व्यापारियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांवड़िया संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।