Bansgaon Sandesh
Login
V
Gazipurलगभग २ घंटे पहले

सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस 317 लाभार्थियों को 48 लाख रुपये

सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस 317 लाभार्थियों को 48 लाख रुपये

सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस 317 लाभार्थियों को 48 लाख रुपये की लागत से 1035 सहायक उपकरण वितरित प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विकास भवन में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर गाजीपुर।सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से देश सेवा के प्रथम दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ऑडिटोरियम सभागार, विकास भवन, गाजीपुर में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर का भव्य आयोजन किया गया। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना के अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर तथा जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित शिविर में करीब 317 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को 48 लाख रुपये की लागत से 1035 निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।वितरित उपकरणों में व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, कान की मशीन, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर, घुटने एवं कमर की बेल्ट आदि शामिल रहे। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विशिष्ट अतिथि विधायक जखनियां बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, प्रशासक जिला पंचायत सपना सिंह, समाजसेवी अभिनव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद तथा एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी द्वारा अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं ओडीओपी जूट वॉल हैंगिंग देकर किया गया।इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत अरविंद सिंह यादव, दीपक चौहान, राजेश, संतोष कुमार, संजय कुमार, रोशनी कुशवाहा, पूजा, रीमा यादव, आकांक्षा गौतम सहित अन्य लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के अंतर्गत राजमोहन, रानी सहित अन्य लाभार्थियों को 20 हजार रुपये के चेक प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं आकांक्षा तुलसी सहित अन्य को कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना ही सशक्त भारत की पहचान है। केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। एलिम्को दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण बनाने के साथ-साथ उनका वितरण भी देश और प्रदेश में करती है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर यह कार्य सम्मान के साथ समान अधिकारिता की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान उन्होंने सभी से शाम सात बजे अपने घर में दीप जलाने की अपील की। विधायक जखनियां बेदी राम ने कहा कि मोदी सरकार ने दिव्यांग शब्द देकर सम्मान दिया है और योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। एलिम्को द्वारा सहायक उपकरण वितरित किए जाने से दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बनाने के लिए उठाए जा रहे कदम सराहनीय हैं।समाजसेवी अभिनव सिंन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर यह पुनीत कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजन अकेले नहीं हैं, पूरा देश और सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य सभी की भागीदारी से ही पूरा होगा।प्रशासक जिला पंचायत सपना सिंह ने विश्वकर्मा जयंती एवं प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर एलिम्को को इस पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद दिया तथा सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। प्रथम दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए 317 दिव्यांगजनों को उपकरण देकर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन करें।एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा ने बताया कि एलिम्को द्वारा जनपद में पूर्व में चिन्हांकन शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया था। 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविरों की श्रृंखला में गाजीपुर में यह वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों को सभागार तक ले जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी तथा वॉलिंटियर्स भी तैनात किए गए थे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, संबंधित अधिकारीगण, बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments1 shares