चारा काटने गए किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, गंभीर रूप से झुलसा

सहजनवां, गोरखपुर। सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनबरसा में शुक्रवार दोपहर आंधी-पानी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार सोनबरसा निवासी बुद्धि सागर साहनी (44) पुत्र श्यामसुंदर साहनी शुक्रवार को अपने मवेशियों के लिए चारा काटने गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत की ओर गए थे। बताया गया कि खेत गांव के उत्तर-पूर्वी छोर पर स्थित है। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से बुद्धि सागर साहनी बुरी तरह झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हादसे से परिजनों में चिंता का माहौल है।