सरयू अमृत महोत्सव: आचार्य चाणक्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता सम्पन्न

बड़हलगंज। चिल्लूपार क्षेत्र में प्रतिभाओं की खोज और विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से सरयू अमृत महोत्सव के तहत आयोजित आचार्य चाणक्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता रविवार को क्षेत्र के 16 इंटर कॉलेजों में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में करीब तीन हजार छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजक संस्था की देखरेख में सभी केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक परीक्षा कराई गई। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में क्षेत्र के 300 से अधिक शिक्षक, समाजसेवी एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज में चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर एवं भाजपा नेता रमेश शाही के नेतृत्व में 212 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। इसी प्रकार उमाशंकर सिंह विद्यापीठ में मीडिया प्रभारी दुर्गेश मिश्र, कमला देवी इंटर कॉलेज उरुवा में आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, एलपीएम पब्लिक स्कूल गोला में भाजपा नेता अनिल भट्ठ, जबकि सेंट जोसफ स्कूल बड़हलगंज में पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनय तिवारी एवं अष्टभुजा सिंह की देखरेख में परीक्षा सम्पन्न हुई। आयोजकों के अनुसार पितरों की तृप्ति के लिए आगामी 11 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव के मंच से प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों के नामों की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में ई-वी स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार लैपटॉप, तृतीय पुरस्कार टैबलेट तथा दस भाग्यशाली छात्रों को एंड्रॉयड मोबाइल प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में कृष्णा त्रिपाठी, जनसेवा महामंत्री संतोष जायसवाल, एपीजी के पूर्व महामंत्री अमरनाथ उमर, न्यू जेन फाउंडेशन के संस्थापक मानस त्रिपाठी, राजकुमार निगम, सभासद दीपक शर्मा, विद्याधर पाण्डेय, लव कुमार, संतोष राय, प्रमोद तिवारी, रामबिलास यादव, संतोष त्रिपाठी, गणेश सौरभ, सौरभ गौड़, अतुल शाही, कृष्ण कुमार मौर्य, रमेश यादव एवं सोमेश्वर जायसवाल सहित अन्य लोगों ने सहभागिता निभाई।