अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्लॉक परिसर में सामूहिक योगाभ्यास

भलुअनी।बांसगांव संदेश। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह भलुअनी विकास खंड परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सुबह 6 बजे शुरू हुआ, जिसमें बरहज विधायक दीपक मिश्र "शाका", ब्लॉक प्रमुख छठ्ठू यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन और ध्यान जैसी विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस दौरान नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ शरीर, तनावमुक्त जीवन और मानसिक शांति का आधार बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्रों और आम नागरिकों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि योग भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।