कामदेव पर विजय का अहंकार बना नारद के लिए अभिशाप, कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

Ghaghasara Gorakhpur l विकास खंड पाली क्षेत्र के ग्राम शाहपुर स्थित बाबा भूलेश्वर नाथ प्राचीन शिव मंदिर परिसर में चल रहे नवदिवसीय रुद्र महायज्ञ में मंगलवार को सातवें दिन कथावाचक मंदाकिनी सरयू रामायणी ने नारद मोह की मार्मिक कथा सुनाई। कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पूरा पंडाल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। कथावाचक ने बताया कि एक बार देवर्षि नारद को यह अहंकार हो गया कि उन्होंने कामदेव पर विजय प्राप्त कर ली है। इसी अभिमान में वह भगवान नारायण, ब्रह्मा जी और भगवान शिव के पास पहुंचे। भगवान शिव ने उन्हें अहंकार से दूर रहने की सीख दी, लेकिन नारद जी नहीं माने। इसके बाद भगवान विष्णु के पास पहुंचकर उन्होंने गृहस्थ जीवन में रहने की इच्छा प्रकट की। कथावाचक ने कहा कि नारद जी का अहंकार ही उनके मोह का कारण बना। भगवान अपने भक्तों का अभिमान दूर करने के लिए अनेक लीलाएं रचते हैं। मनुष्य को अपनी साधना, तपस्या, ज्ञान और सफलता पर कभी अहंकार नहीं करना चाहिए, क्योंकि अहंकार ही पतन का सबसे बड़ा कारण बनता है। जीवन में विनम्रता और भक्ति का भाव बनाए रखना जरूरी है। कथा के दौरान श्रद्धालु कभी भावुक हुए तो कभी भक्ति में लीन नजर आए। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रवीण विशाल श्रीवास्तव, रवि पाठक, सोनू यादव, सुभाष निषाद, विजय यादव, ओमप्रकाश त्रिपाठी, सुनील कुमार श्रीवास्तव, सुधाकर त्रिपाठी, चक्रधारी यादव, दीनानाथ गुप्ता, लालचंद, विशंभर नाथ गुप्ता, संत राम, अच्छे लाल, ललन गोस्वामी, आशीष दास, पूजा यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।