एसडीएम के आश्वासन पर सपा नेता की भूख हड़ताल खत्मः

भलुअनी।बांसगांव सन्देश। देवरिया में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से 21 जुलाई से चल रही क्रमिक भूख हड़ताल शुक्रवार को प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई। मोहाव काली मंदिर के पास जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर अनशन पर बैठे सपा नेता विजय रावत ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बरहज के आश्वासन के बाद अपना अनशन तोड़ दिया। सपा नेता विजय रावत ने बताया कि आंदोलन का उद्देश्य क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान कराना था। उनकी प्रमुख मांगों में बरहज-सोनू घाट मार्ग के गड्डों की मरम्मत, मोहन सेतु निर्माण के लिए बजट आवंटित करना, नगर पालिका बरहज के वार्ड नंबर-24 स्थित लंगड़ा पोल की स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराना तथा परसिया विशुनपुर देवार में हो रहे कटान को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना शामिल था। विजय रावत ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क की मरम्मत के लिए गिट्टी गिराने का काम शुरू कर दिया है। वहीं एसडीएम बरहज ने 24 घंटे के भीतर लंगड़ा पोल की स्ट्रीट लाइट ठीक कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा अन्य मांगों को शासन के समक्ष भेजकर जल्द कार्रवाई कराने का भरोसा भी दिया गया। प्रशासन के इन आश्वासनों के बाद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। अनशन समाप्त कराने पहुंचे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के दावों के बावजूद जमीनी समस्याओं के समाधान में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बरहज-सोनू घाट मार्ग की बदहाल स्थिति सरकार के विकास के दावों की पोल खोलती है और भ्रष्टाचार के कारण जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे है। विजय रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने तय समय सीमा में जनहित से जुड़े मुद्दों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो समाजवादी पार्टी बरहज विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा। अनशन समाप्ति के दौरान बाबूलाल यादव, रामबचन सिंह यादव, गुड्डू यादव, विकास यादव, दिनेश कुमार, अमित प्रधान, राजन मिश्रा, अमरेंद्र यादव, फरेन्द्र यादव, अनिरुद्ध यादव, अभिषेक यादव, छेदी कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, दुर्गेश गौड़, भोला गौड़ सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से किए गए वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।