महिला ने एसपी से की शिकायत : जाफरगंज पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप, शिकायत के बावजूद पुलिस ने मारपीट की FIR नहीं लिखी

महिला ने एसपी से की शिकायत : जाफरगंज पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप, शिकायत के बावजूद पुलिस ने मारपीट की FIR नहीं लिखी फतेहपुर जिले में जाफरगंज थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि जाफरगंज पुलिस ने उसके साथ हुई मारपीट की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शिकायतकर्ता रानी देवी, जो शुक्लनपुर बरवा गांव की निवासी हैं, ने बताया कि यह घटना 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3 बजे हुई थी। वह अपने घर के दरवाजे पर थीं, तभी उनके बटाईदार सुखलाल निषाद और उसकी पत्नी रेखा देवी से उनका विवाद हो गया। रानी देवी ने सुखलाल और रेखा देवी से भूसा व कड़िया एक तरफ रखने और अरहर के दाने इकट्ठा करने को कहा था। इस बात पर दोनों ने इनकार कर दिया और रानी देवी को गालियां देने लगे। जब रानी देवी ने उन्हें गाली देने से मना किया, तो सुखलाल ने उन्हें डंडों से पीटा, जबकि उसकी पत्नी रेखा देवी ने चप्पलों से हमला किया। इस मारपीट में रानी देवी के हाथ में गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। रानी देवी ने बताया कि उन्होंने 19 अप्रैल 2026 को ही जाफरगंज थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय और मेडिकल जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश देने की गुहार लगाई है।