*तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से भाई-बहन घायल, नर्स की हालत गंभीर*
*तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से भाई-बहन घायल, नर्स की हालत गंभीर* सिकरीगंज, बांसगांव संदेश सिकरीगंज थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित ओवरब्रिज के समीप शनिवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला, लेकिन करीब दो किलोमीटर दूर पटखौली के पास बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़पुरवा निवासी राकेश अपनी बहन निशा के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। नारायणपुर ओवरब्रिज के पास सामने से आ रही बोलेरो (यूपी-53 एसी-4194) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के दौरान बोलेरो का दाहिना टायर भी फट गया, इसके बावजूद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल प्रभावती सेवा संस्थान पहुंचाया गया। वहां राकेश का उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल निशा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि निशा प्रभावती सेवा संस्थान में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। वह रोज की तरह ड्यूटी समाप्त कर अपने भाई के साथ घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बोलेरो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।