एक दिन की एसडीएम बनीं नित्या शर्मा, सुनीं फरियादियों की समस्याएं मिशन

एक दिन की एसडीएम बनीं नित्या शर्मा, सुनीं फरियादियों की समस्याएं मिशन शक्ति अभियान के तहत कक्षा सात की छात्रा को मिली जिम्मेदारी, अधिकारियों को दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश बनकटा । बांसगांव सन्देश । मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को कंपोजिट विद्यालय बेलही मठ की कक्षा सात की छात्रा नित्या शर्मा को एक दिन के लिए भाटपार रानी का उपजिलाधिकारी बनाया गया। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसडीएम की कुर्सी पर बैठकर नित्या ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। साथ ही उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई। एक दिन की एसडीएम बनीं नित्या शर्मा ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान छात्रा को तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया से भी रूबरू होने का अवसर मिला। इस मौके पर उपजिलाधिकारी दीपराज सिंह, नायब तहसीलदार सुशील तिवारी, क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार, बीडीओ पीएम त्रिपाठी, बीडीओ बनकटा अरुण पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।