भोपाल नगर निगम का दो दिवसीय आवास मेला संपन्न

भोपाल। नगर निगम भोपाल द्वारा ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ शाखा के माध्यम से अरेरा हिल्स स्थित पर्यावास भवन में आयोजित दो दिवसीय आवास मेला शनिवार को संपन्न हो गया। यह मेला 20 एवं 21 मार्च को आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। मेले के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासीय परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराई गई। इसमें विभिन्न परियोजनाओं के एलआईजी एवं एमआईजी आवासों की जानकारी के साथ बुकिंग प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया। नगर निगम द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कोकता, गंगा नगर एवं 12 नंबर स्टॉप स्थित परियोजनाओं में आवासों की बुकिंग प्रारंभ है। इसके अतिरिक्त आगामी परियोजनाओं के तहत अरेरा, भौंरी, कलखेड़ा, नीलबड़, बागमुगालिया, वाजपेयी नगर, बैरागढ़ एवं समरधा क्षेत्रों की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। मेले में पहुंचे नागरिकों ने योजनाओं में रुचि दिखाते हुए आवास प्राप्ति संबंधी जानकारी हासिल की। इच्छुक आवेदकों से अपील की गई है कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ उठाएं।