Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpur११ दिन पहले

डॉ. रामानंद सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, शिक्षा और मूल्यों को किया गया नमन

डॉ. रामानंद सिंह की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, शिक्षा और मूल्यों को किया गया नमन

भटवली बाजार, बांसगांव संदेश। स्थानीय इंटर कॉलेज भटवली बाजार के सभागार में स्वर्गीय डॉ. रामानंद सिंह की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके सरल, सहज व्यक्तित्व और शिक्षा के प्रति समर्पित जीवन को स्मरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. राकेश ओझा, प्राचार्य महाविद्यालय भटवली बाजार ने कहा कि स्व. डॉ. रामानंद सिंह शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं मानते थे, बल्कि वे जीवन मूल्यों, अनुशासन और नैतिकता को शिक्षा का अनिवार्य अंग मानते थे। उनका जीवन शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है। विशिष्ट अतिथि श्री धर्मेंद्र कुमार, प्रधानाचार्य इंटर कॉलेज भटवली बाजार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. रामानंद सिंह एक ऐसे शिक्षक थे, जिनकी सरलता और सहज व्यवहार विद्यार्थियों को स्वतः आकर्षित करता था। वे सदैव छात्रों को परिश्रम, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते थे। वक्ता शैलेन्द्र कुमार पाठक ने कहा कि स्व. डॉ. रामानंद सिंह ने भूगोल विषय को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उसे जीवन और समाज से जोड़ने का कार्य किया। राहुल पाठक ने कहा कि वे विद्यार्थियों के लिए अभिभावक समान थे और हर छात्र की समस्या को व्यक्तिगत रूप से समझने का प्रयास करते थे। डॉ. सनोज कुमार ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में डीन के रूप में रहते हुए स्व. डॉ. रामानंद सिंह ने शैक्षणिक गुणवत्ता और शोधपरक सोच को बढ़ावा दिया। डॉ. चन्द्रेश पाण्डेय ने उनके जीवन को सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। कार्यक्रम का संचालन चन्द्रमणि ओझा, प्रवक्ता अंग्रेजी, इंटर कॉलेज भटवली बाजार ने किया। आभार ज्ञापन करते हुए डॉ. विवेकानंद सिंह, प्रबंधक महाविद्यालय भटवली बाजार ने कहा कि स्व. डॉ. रामानंद सिंह द्वारा स्थापित शैक्षणिक और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन के साथ स्व. डॉ. रामानंद सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं गणमान्य जनों के लिए भोजन प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता की।

401 likes
0 comments0 shares