*गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अंडरपास में गिरी ट्रक, चालक समेत

*गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: अंडरपास में गिरी ट्रक, चालक समेत दो की मौके पर मौत* नेक्स्ट अपडेट न्यूज़ भैंसा बाजार (गोरखपुर)। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि उसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की चीखें निकल गईं और पूरा क्षेत्र स्तब्ध रह गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा आयशर ट्रक (नंबर UP78 JN 4790) कानपुर से ट्रांसपोर्ट का माल लेकर बिहार जा रहा था। ट्रक को ओमप्रकाश (50 वर्ष) पुत्र गोवर्धन, निवासी ग्राम कमरापुर, तहसील बिंदकी, जिला फतेहपुर चला रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी सवार था, जिसकी पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह लगभग 3:30 बजे ट्रक जब भैंसा बाजार के सामने जिगना बाबू के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से गुजर रहा था, तभी चालक को अचानक नींद आने की आशंका है। नियंत्रण खोने के बाद ट्रक सीधे एक्सप्रेसवे के बीच बने अंडरपास में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल घटना की सूचना बांसगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और यूपीईडीए (UPEIDA) की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। मौके पर मौजूद जिगना बाबू के प्रधान प्रत्याशी जितेंद्र यादव उर्फ सोनू बाबू ने बताया कि दुर्घटना बेहद भयावह थी। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और दोनों व्यक्तियों को बचाने का कोई अवसर नहीं मिल सका। वहीं, बांसगांव थाना प्रभारी विशाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।