नवरात्र में बच्चियों के हाथों हुआ कसरवल पुलिस चौकी का उद्घाटन, एसपी उत्तरी ने बढ़ाया नन्हीं बेटियों का हौसला

सहजनवां/गोरखपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को सहजनवां थाना क्षेत्र की कसरवल पुलिस चौकी का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश गुनावत (IPS) ने चौकी का उद्घाटन कराया। समारोह में स्कूल की छोटी-छोटी बच्चियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। बच्चियों को सम्मान और प्रोत्साहन देकर पुलिस ने महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश गुनावत ने बच्चियों से फीता कटवाया और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चियों की बातों को सुना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। एसपी उत्तरी ने बच्चियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। नवरात्र में आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला सम्मान, सुरक्षा और बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देने का संदेश दिया। समारोह में क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह, चौकी प्रभारी मृत्युन्जय कुमार और सहजनवां थानाध्यक्ष संजय मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा उपनिरीक्षक राकेश यादव, हेड कांस्टेबल दीनदयाल, हेड कांस्टेबल मो. अनिल यादव और कांस्टेबल विष्णु विश्वकर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। बच्चियों के हाथों उद्घाटन और पुलिस अधिकारियों के साथ उनका संवाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।