नो बैग डे पर बच्चों ने सीखी लोकतंत्र की पाठशाला, मतदान के महत्व से हुए रूबरू

घघसरा, गोरखपुर। विकास खंड पाली के कम्पोजिट विद्यालय पुण्डा में नो बैग डे गतिविधि के तहत छात्र-छात्राओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को मतदान का महत्व समझाते हुए लोकतंत्र की मजबूती में मताधिकार की भूमिका से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने सरल भाषा में बताया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। सही जनप्रतिनिधि का चुनाव समाज को नई दिशा देने और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। बच्चों को मतदाता सूची तैयार होने से लेकर मतदान, मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित होने तक की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। साथ ही बाल संसद के चुनाव का उदाहरण देकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की बारीकियों से अवगत कराया गया। शिक्षकों ने कहा कि आज के बच्चे कल के मतदाता हैं। इसलिए उनमें अभी से लोकतांत्रिक मूल्यों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम सभा के सदस्यों और आम जनता को भी ईमानदारीपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक ध्रुव कुमार पांडेय ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।