बांसगांव संदेश बरहज,पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण शिविर में 32 नए आवेदन, 200 प्रकरणों का

पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरण शिविर में 32 नए आवेदन, 200 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण देवरिया, 11 सितंबर। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील सदर के नोडल अधिकारी द्वारा सोशल सेक्टर के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं से लाभान्वित वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित करने तथा पेंशन से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन कराने के लिए तहसील सदर सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख देवरिया सदर पवन गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्य अतिथि द्वारा शिविर में उपस्थित 18 पात्र लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए विभागीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न पेंशन योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान होने से लाभार्थियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने लोगों से अपने मोहल्लों एवं गांवों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र व्यक्तियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित 187 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें 30 नए पेंशन आवेदन कराए गए, जबकि 157 पेंशन संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से संबंधित 23 प्रकरणों में 2 नए पेंशन आवेदन कराए गए, 6 दिव्यांगजनों को उपकरण न मिलने संबंधी तथा 15 पेंशन प्राप्त न होने संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिला प्रोबेशन विभाग से संबंधित 25 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 3 नए पेंशन आवेदन कराए गए तथा 22 पेंशन प्राप्त न होने संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त आय प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए 50 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर तहसील सदर स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अंत में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने मुख्य अतिथि सहित शिविर में उपस्थित सभी कर्मचारियों, लाभार्थियों एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।