मिलेट्स से बने पौष्टिक व्यंजनों ने मोहा मन, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता

मिलेट्स से बने पौष्टिक व्यंजनों ने मोहा मन, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता राष्ट्रीय पोषण माह के तहत राजकीय महिला महाविद्यालय में ‘न्यूट्रीफिट फिएस्टा’ का आयोजन गाजीपुर, 29 सितंबर। राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में मंगलवार को ‘NutriFit Fiesta’ पोषण-खेल मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पोषण, स्वास्थ्य, फिटनेस एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान मिलेट्स (श्रीअन्न) से तैयार पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। गृह विज्ञान प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी के निर्देशन में छात्राओं ने मिलेट्स से विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार कर आकर्षक स्टॉल लगाए। छात्राओं ने व्यंजनों के पोषण संबंधी गुणों, स्वास्थ्य लाभ एवं दैनिक आहार में उनकी उपयोगिता की जानकारी अतिथियों को दी। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर छात्राओं की रचनात्मकता एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता बलवंत ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने संतुलित आहार अपनाने, नियमित योग एवं व्यायाम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. शशिकला जायसवाल ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना, प्रज्ञा रेंजर, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की खेल टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शम्भू शरण प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में संतुलित आहार, श्रीअन्न का महत्व, शारीरिक सक्रियता, पर्याप्त नींद, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी जागरूक किया गया। हेल्दी रेसिपी स्टॉल प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. घनश्याम कुशवाहा, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय गहमर, श्रीमती वीणा पांडे एवं श्रीमती सोनम सिंह, सीडीपीओ गाजीपुर ने निभाई। प्रतियोगिता में सलोनी और रुचि कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रथम, जेबा जहीन और खालीद बानो ने द्वितीय तथा तनु यादव और शीतल खरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मांडवी गुप्ता एवं रिया जायसवाल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के सहयोग से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिलेट्स से आकर्षक रंगोली तैयार की तथा विभिन्न रेसिपी बनाकर प्रदर्शित कीं। इस दौरान गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. इखलाक खान, डॉ. संगीता मौर्य, डॉ. हरेन्द्र यादव, डॉ. शैलेंद्र यादव, डॉ. दिवाकर मिश्र, डॉ. आनंद कुमार चौधरी, डॉ. मनीष कुमार सोनकर, डॉ. सारिका सिंह, डॉ. हसीन अहमद, डॉ. गजनफर सईद, डॉ. राजेश यादव, डॉ. सर्वेश कुमार सिंह सहित समस्त कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा।