व्यापारियों के हित में उन्नति पैनल के व्यापक संकल्प, गोविंद गोयल ने रखा विकास का रोडमैप

व्यापारियों के हित में उन्नति पैनल के व्यापक संकल्प, गोविंद गोयल ने रखा विकास का रोडमैप अरविन्द सिंह, भोपाल। चैंबर ऑफ कॉमर्स के आगामी चुनावों को लेकर गोविंद गोयल के नेतृत्व में उन्नति पैनल ने व्यापारियों के हित में विस्तृत और दूरदर्शी संकल्पों की घोषणा की है। पैनल का उद्देश्य चैंबर को केवल औपचारिक संस्था न रखकर भोपाल के व्यापारियों की मजबूत, संगठित और प्रभावी आवाज के रूप में स्थापित करना है। उन्नति पैनल ने 'आपका चैंबर-आपके द्वार' योजना के अंतर्गत चैंबर को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विकसित कर व्यापारियों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही राज्य सरकार, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, पुलिस एवं अन्य विभागों के साथ नियमित संवाद कर टैक्स, लाइसेंस, जीएसटी, निरीक्षण एवं स्थानीय निकायों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु सशक्त प्रतिनिधित्व करने की बात कही गई है। पुराने व्यापारिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपलब्ध स्थानों पर सुविधाओं का विकास तथा प्रमुख बाजारों में मल्टी-लेवल पार्किंग और लॉजिस्टिक प्रोजेक्ट को पीपीपी मॉडल के माध्यम से आगे बढ़ाने की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई है। इससे बाजारों में सुगम आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद जताई गई है। चैंबर को एकीकृत व्यापारिक मंच के रूप में सशक्त बनाते हुए नियमित नेटवर्किंग मीट, बिजनेस एक्सपो और B2B बैठकों के आयोजन की योजना है। भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्षेत्र और सेक्टर-विशेष क्लस्टर (MSME, फूड, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स आदि) विकसित कर उद्योग स्थापना में आवश्यक संसाधनों और अनुमतियों में सहयोग देने का संकल्प लिया गया है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें। कोलार, होशंगाबाद रोड और स्मार्ट सिटी क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए थोक व्यापार केंद्र के विकास, व्यापारियों के लिए कैपिटल मार्केट से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम, तथा युवाओं के लिए स्टार्टअप, फ्रेंचाइजी, डिजिटल व्यापार और ई-कॉमर्स के अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्नति पैनल ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) को मध्यप्रदेश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार और टेक्सटाइल एक्सपो व ट्रेड फेयर के आयोजन की घोषणा की है। साथ ही भोपाल को थोक फार्मा एवं मेडिकल ट्रेड तथा राष्ट्रीय स्तर के लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित करने के लिए वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज और मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सुविधाओं को मजबूत करने का रोडमैप भी प्रस्तुत किया गया है। सराफा व्यापारियों को धारा 411 से राहत दिलाने, चैंबर की सदस्यता 10 हजार से अधिक करने, महिला सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने, कॉप मेंबरों की संख्या 10 से बढ़ाकर 25 करने तथा भोपाल में लागू दोहरी कर और लाइसेंस व्यवस्था को समाप्त कराने के प्रयासों की भी घोषणा की गई है। इसके अतिरिक्त चैंबर सदस्यों के लिए स्वच्छता अभियान, स्पोर्ट्स लीग, सम्मान समारोह, पुराने सदस्यों के हित में वन टाइम सेटलमेंट योजना तथा हाईटेक चैंबर कार्यालय विकसित करने का संकल्प लिया गया है। उन्नति पैनल ने गोविंद गोयल द्वारा पूर्व में व्यापारियों के हित में किए गए प्रयासों को भरोसे की मजबूत बुनियाद बताते हुए व्यापारिक समुदाय से समर्थन की अपील की है, ताकि भोपाल को व्यापार और उद्योग की नई पहचान दिलाई जा सके।