रेज़ पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मना हिंदी दिवस

चौरीचौरा गोरखपुर। रेज़ पब्लिक स्कूल, चौरीचौरा में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अमित जायसवाल, डायरेक्टर सीमा जायसवाल, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। हिंदी शिक्षक सी. प्रसाद ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व, समृद्ध विरासत और भारतीय संस्कृति में उसके योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा भाषा के सम्मान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी कविता, भाषण, कहानी और निबंध लेखन के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की पहचान भी है। विद्यार्थियों को हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं सम्मान के लिए सदैव प्रयासरत रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन हिंदी भाषा के सम्मान और दैनिक जीवन में उसके अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लेते हुए हुआ।