आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति में अनियमितता का आरोप डीएम से जांच की मांग
आंगनबाड़ी सहायिका नियुक्ति में अनियमितता का आरोप डीएम से जांच की मांग *सुलतानपुर*। बल्दीराय तहसील क्षेत्र की मेघमऊ ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति को लेकर विवाद सामने आया है। समाजसेवी रणवीर सिंह ने नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता एवं नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस में रणवीर सिंह ने जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के कुछ कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा कथित रूप से धन लेकर नियुक्ति किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा कराने की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मामले को गंभीर बताते हुए पारदर्शी जांच की मांग की गई है। प्रशासन की ओर से शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।