तरकुलहा धाम में भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

चौरी चौरा गोरखपुर। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर माँ तरकुलहा देवी धाम में 19 मार्च से 27 मार्च तक चल रहे सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत बुधवार को भजन संध्या का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग, गोरखपुर के संयोजन में आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायिका साक्षी श्रीवास्तव एवं उनकी टीम—पिंटू, प्रीतम, विमल श्रीवास्तव, विशाल शर्मा और वासु जी—ने एक से बढ़कर एक मनमोहक भजन और देवी गीत प्रस्तुत किए। मधुर स्वरों और भावपूर्ण गायन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण देर तक गुंजायमान रहा। साक्षी श्रीवास्तव ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का यह क्रम 25 मार्च से 27 मार्च तक प्रतिदिन शाम 4:00 से 6:00 बजे तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। माँ तरकुलहा देवी धाम चैरिटेबल ट्रस्ट एवं व्यापार मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। अंत में सभी कलाकारों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।