सन्त तुलसीदास पीजी कॉलेज, कादीपुर सुलतानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना का सात

सन्त तुलसीदास पीजी कॉलेज, कादीपुर सुलतानपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर आरम्भ सन्त तुलसीदास पीजी कॉलेज, कादीपुर (सुलतानपुर) की राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों का सात दिवसीय विशेष शिविर सन्त तुलसीदास जूनियर हाई स्कूल, कादीपुर के प्रांगण में अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आरम्भ हुआ। शिविर के प्रथम दिवस स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने शिविर स्थल की साफ-सफाई कर उद्घाटन समारोह हेतु मंच को सुसज्जित एवं व्यवस्थित किया। विद्यालय परिसर में पंडाल लगाकर मैट बिछाए गए। इसी क्रम में स्वयंसेवकों की टोली ने नाश्ता तैयार किया। प्रातः 9:00 बजे सभी स्वयंसेवक नाश्ता कर अपने निर्धारित स्थानों पर बैठ गए। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें उद्घाटन समारोह की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया तथा प्रत्येक इकाई के अंतर्गत पाँच-पाँच टोलियों का गठन किया गया। प्रत्येक टोली के लिए एक-एक टोली नायक नियुक्त किया गया। उद्घाटन सत्र अपराह्न 12:00 बजे प्रारम्भ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में खण्ड विकास अधिकारी, कादीपुर श्री राधेश्याम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत कादीपुर के चेयरमैन श्री आनंद जायसवाल ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक श्री सौरभ त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० रामनयन सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव पाण्डे तथा समाजसेवी श्री भीम सिंह विशिष्ट उपस्थिति में रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के चीफ़ प्रॉक्टर डॉ. संजीव रतन गुप्ता, प्राचीन इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो० जीतेंद्र कुमार तिवारी, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. हरेंद्र सिंह, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो० श्याम बहादुर सिंह सहित डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. सतीश कुमार सिंह, डॉ. अशोक कुमार पाण्डेय, डॉ. चंद्रप्रकाश यादव, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. रवींद्र मिश्रा, डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. अंजू मिश्रा, डॉ. वंदना मिश्रा, दीपा मिश्रा, डॉ. जीनत रफीक सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। स्वयंसेवकों ने सभी अतिथियों का आदरपूर्वक स्वागत कर उन्हें आसन ग्रहण कराया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि, अध्यक्ष एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेविका खुशी वर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मंचासीन अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम अधिकारियों संजय सिंह, डॉ. शनि कुमार शुक्ला एवं आरजू मिश्रा द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। इसी क्रम में स्वयंसेवकों ने अन्य आगत अतिथियों का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम अधिकारी आरजू मिश्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, ध्येय वाक्य, बैज एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शनि कुमार शुक्ला ने शिविरार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं संकल्पपूर्ति के लिए प्रेरित करते हुए सात दिवसीय कार्ययोजना की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि श्री राधेश्याम ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का यह शिविर युवा पीढ़ी में सेवा भावना विकसित कर उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने 18 वर्ष पूर्ण कर चुके स्वयंसेवकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्री आनंद जायसवाल ने स्वयंसेवकों से अधिकाधिक सीखने तथा समाज निर्माण में सक्रिय योगदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रो० रामनयन सिंह ने स्वयंसेवकों को सातों दिनों तक अनुशासित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया तथा समापन दिवस पर अपने अनुभव साझा करने की अपेक्षा व्यक्त की। महाविद्यालय के प्रबंधक श्री सौरभ त्रिपाठी ने भी स्वयंसेवकों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उद्घाटन समारोह का संचालन कार्यक्रम अधिकारी प्रतीक कुमार मौर्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।