लखनऊ पार्षद ममता रावत ने समर्थकों संग घेरा थाना, बोलीं- गाली देने

लखनऊ पार्षद ममता रावत ने समर्थकों संग घेरा थाना, बोलीं- गाली देने वाले विधायक बेदीराम पर दर्ज हो FIR राजधानी में सपा पार्षद ममता रावत ने समर्थकों संग थाने का घेराव किया। कहा कि गाली देने वाले विधायक बेदीराम पर FIR दर्ज हो। जब तक मुकदमा नहीं होता यहां से नहीं हटेंगे। राजधानी लखनऊ में भरवारा गंगोत्री विहार में नाला विवाद बढ़ता जा रहा है। रविवार को यहां से सपा पार्षद ममता रावत ने स्थानीय लोगों के साथ बीबीडी थाने का घेराव किया। गाली-गलौज करने पर सुभासपा विधायक बेदीराम पर मुकदमा लिखे जाने पर अड़ी रहीं। इस दौरान बीकेडी विधायक योगेश शुक्ला से फोन पर बात का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें आर-पार की लड़ाई की चेतावनी देते सुना जा सकता है। सपा पार्षद ममता रावत का कहना है कि स्थानीय लोगों की डिमांड पर वह नाला बनाने की पैरवी कर रही हैं। वहीं पर सुभासपा विधायक बेदीराम का घर है। उन्होंने नाला की जगह को अपने घर की बाउंड्रीवाल के अंदर कर लिया है। विधायक और उनके बेटे ने पार्षद, लेखपाल और नाला बनाने पहुंची टीम के साथ गाली-गलौज किया है। मामले को लेकर ममता रावत ने बीकेडी विधायक योगेश शुक्ला से फोन पर बात की। कहा कि विधायक बेदीराम ने नाला की जमीन को अपने घर के अंदर ले लिया है। इस पर भी हम लोग कुछ नहीं बोले। हम लोग चक मार्ग में अंडर ग्राउंड नाला बनवाने पर तैयार हो गए। जब काम करने के लिए टीम पहुंची तो विधायक के बेटे ने जेसीबी की चाबी निकाल ली। टीम के साथ गाली गलौज किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद हम लोग बीबीडी थाने पहुंचे। वहां से जेसीबी की चाबी दिलवाई। इसके बाद विधायक ने हमें और लेखपाल को गाली दी। अब वह लोग विधायक और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े हैं। इसको लेकर पार्षद ने समर्थकों संग बीबीडी थाने का घेराव किया।