Bansgaon Sandesh
Login
Tapan Kumar Bose
Gorakhpur८ दिन पहले

गोरखपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का होगा जोरदार अभिनंदन: सहजानन्द राय

गोरखपुर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का होगा जोरदार अभिनंदन: सहजानन्द राय भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का गोरखपुर दौरा 5 से 7 जनवरी तक होगा। इस दौरान कई धार्मिक और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चौधरी एयरपोर्ट पर 11 बजे पहुंचेंगे और विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की हैं। गोरखपुर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री सांसद पंकज चौधरी के प्रथम गोरखपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह चरम पर है। आगामी 05 से 07 जनवरी तक चलने वाले इस व्यापक दौरे के दौरान गोरखपुर, महराजगंज और मऊ जनपदों में विभिन्न धार्मिक, संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित होंगे। गोरखपुर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की भव्य तैयारियां की हैं। यह जानकारी भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने दी। उन्होंने बताया कि भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री सांसद पंकज चौधरी सोमवार की सुबह 11 बजे गुरु गोरक्षनाथ एयरपोर्ट गोरखपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वे मोहद्दीपुर स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात गोरखपुर विश्वविद्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा सहित नगर के विभिन्न चौराहों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला नगर भ्रमण के बाद भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेगा, जहां भव्य स्वागत कार्यक्रम के साथ क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर संघ कार्यालय माधवधाम जाएंगे और रात्रि विश्राम निज आवास पर करेंगे। पुन: मंगलवार को पिपराईच विधानसभा क्षेत्र में बूथ समिति के साथ बैठक कर गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गति देंगे। तत्पश्चात महराजगंज जनपद पहुंच कर विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं माल्यार्पण कार्यक्रमों के बाद भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। बुधवार को महराजगंज से प्रस्थान कर फरेंदा, कैम्पियरगंज, पीपीगंज, जंगल कौड़िया होते हुए मऊ जनपद पहुंचेंगे, जहां दोहरीघाट पुल पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मऊ के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए काशी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। उन्होंने बताया कि इस व्यापक दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच विस्तृत योजना पहले ही तैयार कर ली गई है, जिससे संगठन को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

800 likes
0 comments0 shares