सुलतानपुर। बन्धुआकला पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल
सुलतानपुर। बन्धुआकला पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।आरोपी आयुष श्रीवास्तव को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लंगड़ी नहर पुल के पास से दबोच लिया।बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल को आरोपी ने पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया था। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और चाकू लेकर कर्मचारियों को दौड़ा लिया। इतना ही नहीं,पेट्रोल पंप संचालक के बेटे के सिर पर तेल मापने वाले लोहे के बर्तन से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सेल्समैनों को भी बेरहमी से पीटा गया,जिसमें एक कर्मचारी का दांत टूट गया था।घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में उपनिरीक्षक हरेन्द्र सिंह और उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी आयुष श्रीवास्तव निवासी मैकू लाला का पुरवा थाना कुड़वार पर लूट, मारपीट, धमकी और बलवा समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।