दुद्धी में पहली बार जनपदीय क्रीड़ा समारोह का ऐतिहासिक आगाज

दुद्धी में पहली बार जनपदीय क्रीड़ा समारोह का ऐतिहासिक आगाज खिलाड़ियों ने ट्रैक पर दिखाया दमखम, विजेताओं को डीआईओएस ने पहनाए मेडल; खेल मैदान का सपना पूरा करने का दिया भरोसा दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी तहसील मुख्यालय पर बुधवार को पहली बार माध्यमिक स्तर की 35वीं जनपदीय क्रीड़ा समारोह का भव्य एवं ऐतिहासिक आगाज हुआ। जनपदीय क्रीड़ा समारोह के पहली बार दुद्धी में आयोजित होने से खिलाड़ियों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह एवं चेयरमैन कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर धूप-अगरबत्ती एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। शांति के प्रतीक कबूतर एवं गुब्बारे उड़ाकर खेल प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया गया। खेल प्रतियोगिता से बढ़ता है विद्यार्थियों का आत्मविश्वास : एसडीएम मुख्य अतिथि एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि दुद्धी तहसील मुख्यालय पर जनपदीय क्रीड़ा समारोह का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। इसके आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं संयोजक की जिम्मेदारी संभालने वाले सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करती हैं। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना ही खिलाड़ी के हौसले को बढ़ाता है। खेल के माध्यम से भी विद्यार्थी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे तमाम खिलाड़ी हुए हैं, जिन्होंने छोटे शहरों और गांवों से निकलकर देश का नाम रोशन किया है। क्रिकेट में उत्तर प्रदेश सहित देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव भी गाजीपुर के एक गांव से हैं, जबकि रांची जैसे शहर से निकलकर महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व में भारत का डंका बजाया। दुद्धी से पुराना लगाव, खेल का बड़ा मैदान बनाने का सपना अभी अधूरा : डीआईओएस क्रीड़ा समारोह के आयोजक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि तीन दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा समारोह का आज विधिवत उद्घाटन हो गया है। उन्होंने दुद्धी से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि उनकी नौकरी की शुरुआत दुद्धी जीआईसी से ही हुई थी। यहां के लोगों ने उन्हें इतना प्यार दिया कि आज भी उनका लगाव दुद्धी की मिट्टी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि उस समय दुद्धी क्षेत्र में शिक्षा एवं जागरूकता की कमी जरूर थी, लेकिन आज दुद्धी शिक्षा का हब बन चुका है। दुद्धी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक इंटर कॉलेज संचालित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि दुद्धी में एक बड़ा खेल मैदान बनाने का सपना अभी अधूरा है, जिसे पूरा करने के लिए प्रयास जारी रहेगा। 800 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम 800 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में सुमन ने प्रथम, अमीषा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की हुस्नेआरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में जेबीएस शाहगंज के भावेश सिंह प्रथम, बद्रीनारायण इंटर कॉलेज गौरही के रमेश द्वितीय तथा लोकनाथ इंटर कॉलेज बघनारी के अनिल तृतीय स्थान पर रहे। सब जूनियर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आयन कादरी प्रथम, आदर्श इंटर कॉलेज महुली के अंशु कुमार द्वितीय तथा प्रदीप कुमार तृतीय रहे। बालिका वर्ग में मुख्यांचल की अंजली मौर्य प्रथम, चांदनी द्वितीय तथा पूर्वांचल की सरिता तृतीय स्थान पर रहीं। वरिष्ठ बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भावेश ने प्रथम तथा राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रेम कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में ऊर्जांचल की स्नेहा प्रथम तथा पूर्वांचल की राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की माही द्वितीय रहीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने अपने कर कमलों से मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार सिंह एवं डॉ. अमर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। निर्णायक की भूमिका में जगदंबा प्रसाद, डॉ. राकेश कुमार कन्नौजिया, रोहित यादव, अनुराग त्रिपाठी, लाल मोहम्मद सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. लवकुश प्रजापति, ऋषिकेश पाठक उप प्रधानाचार्य पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी, उमाकांत मिश्रा प्रधानाचार्य हंशवाहिनी इंटर कॉलेज कसया, डॉ. बृजेश सिंह प्रधानाचार्य राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, जिला विद्यालय कार्यालय के लिपिक संतोष सिंह, कमलेश यादव, शोयब अहमद, संदीप सिंह चौधरी, संयोजक सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी के प्रबंधक आरपी श्रीवास्तव, ऋषिकेश, सुनील कुमार राव जिला क्रीड़ा सचिव, दीपक कुमार प्रधानाचार्य सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी, रीता यादव, रुपाली, शोभा यादव, सत्यनारायण कन्नौजिया सहित जनपद सोनभद्र के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।