Bansgaon Sandesh
Login
Anup Singh Rudrapur
Deoria४१ मिनट पहले

देवरिया स्वास्थ्य विभाग में डीएम का बड़ा एक्शन, सभी BPM-BCPM का एक

देवरिया स्वास्थ्य विभाग में डीएम का बड़ा एक्शन, सभी BPM-BCPM का एक

देवरिया स्वास्थ्य विभाग में डीएम का बड़ा एक्शन, सभी BPM-BCPM का एक दिन का वेतन रोका बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर जनपद के सभी ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) एवं ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (BCPM) का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया गया। साथ ही सीएचसी भटनी एवं पीएचसी मझगांवा के प्रभारी चिकित्साधिकारियों का भी एक दिन का वेतन रोक दिया गया, जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी लार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों (MOIC) को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित निगरानी करें और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) की उपस्थिति 20 दिनों से कम रही। इस पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में ऐसी घटनाएं हुई हैं, वहां संबंधित आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम के साथ प्रभारी चिकित्साधिकारी स्वयं पहुंचकर कारणों की जांच करें तथा सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा को भी निर्देशित किया गया कि ऐसे गांवों में सीडीपीओ और सुपरवाइजर का भ्रमण कराया जाए। प्रत्येक मंगलवार संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) वाली महिलाओं की समय से पहचान, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के नियमित फील्ड भ्रमण तथा स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के सत्रों में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्रा ऐप पर टीकाकरण एवं अन्य सेवाओं की अपलोडिंग में लापरवाही मिलने पर भाटपाररानी के BPM सहित संबंधित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं भलुअनी में तैनात एवं वर्तमान में स्थानांतरित फार्मासिस्ट द्वारा आवश्यक दवाओं की मांग नहीं भेजने पर उनका वेतन भी बाधित करने का आदेश दिया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाएं सीधे आमजन के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी हैं, इसलिए सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने घोषणा की कि अब जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक हर तीसरे दिन आयोजित होगी और सभी अधिकारी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

1 likes
0 comments1 shares