ललही छठ पर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना, पुत्र की दीर्घायु की कामना

बड़हलगंज। पुत्र की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर बुधवार को ललही छठ का पर्व क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और संतान के सुखमय जीवन की मंगलकामना की। ललही छठ के अवसर पर नगर के बाबा जलेश्वरनाथ मंदिर प्रांगण, लक्ष्मी नारायण मंदिर, शिवाला घाट, पौहारी महाराज कुटी, पुराना गोला मोहल्ला, और हनुमान गढ़ी सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं की भीड़ रही। महिलाओं ने पूजा स्थल पर पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ पूजन किया तथा छठी माता से अपने पुत्रों की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। सुबह से ही महिलाएं पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। पूजा स्थलों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से ललही छठ की कथा सुनी और पारंपरिक गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कई स्थानों पर महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। धार्मिक मान्यता के अनुसार ललही छठ का व्रत संतान की रक्षा और उसकी दीर्घायु के लिए रखा जाता है। इसी आस्था और विश्वास के साथ महिलाओं ने पूरे दिन व्रत रखकर पूजा-अर्चना की। पर्व को लेकर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा।