लोहे के पाइप से युवक पर हमला, सिर में गंभीर चोट; झांसी रेफर
राठ। कस्बे के बुधौलियाना मोहल्ले में शनिवार सुबह एक युवक पर लोहे के पाइप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। बुधौलियाना निवासी नौशाद पुत्र शेख मुहम्मद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका भाई इरशाद मुहम्मद सुबह मोहल्ले में दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का शाकिर वहां पहुंचा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर शाकिर ने लोहे के पाइप से इरशाद पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उसे सीएचसी राठ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर कर दिया गया। राठ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह के अनुसार तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।